अब
कंप्यूटर पूरी तरह हिंदी में
--------------------------------------------
रविशंकर श्रीवास्तव
अभी
तक हिंदी कंप्यूटर पर पूर्णत: हिंदी भाषा के वातावरण में काम संभव नहीं था।
कंप्यूटर पर काम करने के लिए अंग्रेजी का थोड़ा बहुत ज्ञान जहां आवश्यक था,
वहीं जो भी थोड़ा-बहुत कार्य हिंदी पर हो रहा था,
वह आभासी था, क्योंकि अंग्रेजी के
फॉन्ट को हिंदी अक्षरों का रूप देकर एक काम चलाऊ रास्ता निकाल लिया गया था।
जैसे कि किसी पाठ संपादक (टैक्स्ट एडीटर) पर आप हिंदी लिख लेते थे पर उसका
वातावरण (एनवायरनमेंट और इंटरफेस) अंग्रेजी में ही रहता था।
आप अपने किए
गए कार्य को हिंदी भाषा के आकारादि क्रम से ढूंढ नहीं सकते थे। फाइलों को
अंग्रेजी में ही सहेजना आवश्यक होता था। इस रास्ते से हर किसी को समस्या भी आ
रही थी। चूंकि प्राय: हर एक ने अपनी सुविधानुसार हिंदी फॉन्ट विकसित कर लिए थे।
उदाहरण के लिए आप इंटरनेट पर एक हिंदी अखबार के पृष्ठों को किसी एक फॉन्ट की
सहायता से पढ़ पाते हैं तो दूसरे अखबार के पृष्ठों को पढ़ने के लिए आपको किसी
अन्य फॉन्ट की आवश्यकता होती है। इतना ही नहीं,
हिंदी में दर्जनों अलग-अलग कुंजीपटल भी हैं जिसके कारण किसी एक
प्लेटफार्म पर कार्य करने वाले व्यक्ति को दूसरे प्लेटफार्म पर कार्य करने में
खासी असुविधा हो जाती है। इन समस्याओं को हल करने के लिए विश्व की प्रमुख
भाषाओं को विश्व मानकीकरण करने हेतु यूनिकोड मानक का गठन किया था। इसी यूनिकोड
हिंदी फॉन्ट को आधार बनाकर विश्व में सर्वाधिक प्रचलित दो ऑपरेटिंग सिस्टम
विंडोज एक्स-पी तथा लिनक्स को हिंदी संस्करणों में कुछ समय पूर्व जारी किए गए
हैं।
विंडोज
एक्स-पी के हिंदी संस्करण को लगभग
20
प्रतिशत हिंदी कृत कर लिया गया है जो कि लगभग 80
प्रतिशत कार्यों में उपयोग में आता है। शेष बड़ी-बड़ी सहायता फाइलें या त्रुटि
संदेश हैं, जो ज्यादा काम नहीं आते हैं,
उनक भी हिंदी अनुवाद कार्य जारी है। विंडोज एक्स-पी का हिंदी
संस्करण अलग से जारी नहीं किया गया है, परंतु उसका
हिंदी भाषा इंस्टालर पैक जो कि 5.1 मेगाबाइट की फाइल है,
माइक्रोसॉफ्ट की वेब साइट पर मुफ्त डाउनलोड हेतु उपलब्ध है,
जिसे विंडोज एक्स-पी के सर्विस पैक 1
युक्त संस्करण पर आसानी से संस्थापित किया जा सकता है। इसमें आपको प्रारंभिक
लॉगिन विंडो से लेकर नियंत्रण फलक (कंट्रोल पेनल) तक प्राय: सभी प्रोग्राम
हिंदी में चलाने हेतु मिलते हैं। कुछेक त्रुटि संदेशों तथा मदद संदेशों को
छोड़कर, जो अभी अनुदित नहीं हो पाए हैं,
शेष में संपूर्ण वातावरण हिंदी में प्राप्त होता है। एक अरब से
अधिक की जनसंख्या वाले देश के लिए जिसमें अधिसंख्य हिंदी भाषी हैं और जिसका
कंप्यूटर क्षेत्र में खासा योगदान है, उसकी अपनी भाषा -
हिंदी में अब तक कोई ऑपरेटिंग सिस्टम उपलब्ध नहीं था,
निश्चित ही यह खबर उत्साहित और आशान्वित करने वाली है।
इसी प्रकार
विश्व प्रसिध्द सर्वर ऑपरेटिंग सिस्टम,
लिंनक्स जो कि मुफ्त उपलब्ध है, अब
डेस्कटॉप के लिए भी उतना ही लोकप्रिय हो चला है और जिसको मध्यप्रदेश,
भारत के 2500 से भी अधिक स्कूलों में
भी संस्थापित किया गया है, अपने हिंदी संस्करण के साथ
उपलब्ध है। इसमें भी आपको सारा वातावरण हिंदी में मिलता है और आप लगभग सारा
कार्य हिंदी में कर सकने में सक्षम होते हैं। लिनक्स हेतु उपलब्ध ग्ोम डेस्कटॉप
वातावरण का एसेंशियल फाइलों का 85 प्रतिशत हिंदी में
अनुवाद किया जा चुका है तथा कोई केडीई डेस्कटॉप को 90
प्रतिशत हिंदी में लाया जा चुका है। हिंदी लिनक्स भी हिंदी विडोज एक्स-पी की
तरह का ऑपरेटिंग सिस्टम है, जिसमें आप सभी कार्य,
जिसमें इंटरनेट पर सर्फिंग, ई-मेल तथा
चैट इत्यादि सम्मिलित है, हिंदी भाषा में ही हिंदी
वातावरण में कर सकते हैं तथा इसके लिए अंग्रेजी के ज्ञान की कतई आवश्यकता नहीं
है। यहां यह विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि हिंदी लिनक्स पूर्णत: मुफ्त में
उपलब्ध है, जिसे इंडलिनक्स.ऑर्ग की वेब पृष्ठ से उतारा
जा सकता है, जहां पर विंडोज एक्स-पी एक व्यावसायिक
उत्पादन है, लिनक्स सारे विश्व में स्वयंसेवकों द्वारा
प्रस्तुत गैर व्यावसायिक, सभी के मुफ्त उपयोग हेतु
उत्पादन है। लिनक्स ऑपरेटिंग सिस्टम भारत की अन्य भाषा यथा तमिल,
बंगाली, पंजाबी,
गुजराती, मराठी,
मलयालम इत्यादि भाषाओं में भी जारी किया जा चुका है तथा इसके
उड़िया तथा तेलुगु संस्करण पर कार्य जारी है।
भारतीय भाषाओं,
खासकर हिंदी की लोकप्रियता तथा संभावनाओं को मद्देनजर रखते हुए
माइक्रोसॉफ्ट ने अपना अत्यंत लोकप्रिय उत्पाद माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस हिंदी में जारी
किया है। लिनक्स के लिए मुफ्त उपयोग हेतु माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस जैसा ही उत्पाद ओपन
ऑफिस है, जिसे सीडेक बैंगलोक की हिंदी टीम ने हिंदी
भाषा में प्रस्तुत किया है। माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस हिंदी का संपूर्ण कार्य वातावरण
हिंदी में है तथा इसमें खास बात यह दी गई है कि आप अपने किसी भी कुंजीपटल या
फॉन्ट में कार्य करते हुए यूनिकोड आधारित पृष्ठ तैयार कर सकते हैं। इसमें यह
सुविधा भी दी गई है कि आप अपने पुराने कार्यों को भी यूनिकोड आधारित पृष्ठों
में परिवर्तित कर सकते हैं।
माइक्रोसॉफ्ट
ऑफिस हिंदी का हिंदी इंटरफेस अच्छा तो है,
परंतु कहीं-कहीं यह थोड़ा क्लिष्ट भी है,
अत: समझने में आपको थोड़ी सी दिक्कतें आ सकती हैं। इसके
कुंंजीपटल शॉर्टकट भी हिंदी में है, जिससे कि कुछ
स्थानों पर तो सुविधा मिलती है परन्तु कहीं-कहीं आदतन पुराने कार्य करने वालों
को असुविधा भी हो सकती है। उदाहरण के लिए फाइल मेनू में जाने हेतु सामान्यत:
अंग्रेजी के आल्ट+एफ की जगह हिंदी में आपको आल्ट+शिफ्ट+फ दबाना होगा। चूंकि
अक्षर 'फ' आपको पारंपरिक हिंदी
कुंजीपटल में शिफ्ट दबाने के उपरांत ही प्राप्त होता है। वैसे यह कोई खास
मुश्किल वाला कार्य नहीं है, चूंकि सारा वातावरण
चित्रमय है और आप अपनी सुविधानुसार कुंजियों को तथा उनके शॉर्टकट्स को बदल भी
सकते हैं। माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस हिंदी में वर्तनी और व्याकरण जांचक भी है,
जो अभी अपने शैशवावस्था में है। हिंदी का स्वरूप संस्कृत से
किया गया है। अत: सामान्यतया शब्द आपस में जुड़ते ही हैं। ऐसे मामलों में
माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस का वर्तनी और व्याकरण जांचक भली प्रकार कार्य नहीं कर पाता
है। फिर भी यह 98 प्रतिशत मामलों में वर्तनी सही दिखता
है। कुछ मामलों में वर्तनी स्वचालित सही भी करता है तथा इसमें दिया गया
समानार्थी शब्दों का भंडार स्तुति योग्य है।
जहां
माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस हिंदी एक बेहतर उत्पादन है,
वहीं ओपन ऑफिस हिंदी अभी कुछ ठीक ही है और इसमें इंटरफेस से
लेकर अनुवाद तक सभी में सुधार की खासी गुंजाइशें हैं। हालांकि हिंदी के सभी
कार्य आप इसमें कर सकते हैं जिसमें स्प्रेडशीट से लेकर प्रेजेंटेशन तक सभी
सम्मिलित है। उसी प्रकार हिंदी विंडोज में आपको हिंदी के अन्य अनुप्रयोग जैसे
कि आउटलुक तथा इंटरनेट एक्सप्लोरर के अलावा अन्य कुछ अधिक नहीं मिले,
परंतु लिनक्स में ग्म तथा केडीई में आपको खेलों से लेकर
ब्राइजर तथा इंस्टेंट मेसेंजर तक सभी हिंदी में उपलब्ध हैं,
जो लिनक्स को और भी ज्यादा समृध्द बनाते हैं।
देर से ही सही,
आखिरकार अब आपका कंप्यूटर हिंदी भाषा में लिखने-पढ़ने लग गया है,
लिहाजा अब यह आम हिंदी भाषी (अन्य भारतीय भाषाओं में भी) लोगों
के दिलों से अपना अजनबीपन दूर भगा पाने में जल्दी और कुशलता से कायम हो पाएगा।
लेखक ख्यातिनाम चिट्ठाकार व आईटी विशेषज्ञ हैं।

lll